
Jamshedpur. मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र में फ्लैट की खरीद-बिक्री, सॉफ्टवेयर कारोबार और बिजनेस में निवेश के नाम पर करीब 75 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपित दीपांकर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित डिमना रोड स्थित शिरोमण नगर के भागीरथी ब्लॉक का रहने वाला है। पीड़ित मनीष कुमार अग्रवाल की शिकायत पर एमजीएम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मनीष ने पुलिस को बताया कि दीपांकर का उनकी दुकान पर वर्षों से आना-जाना था। पहले उसने किराए पर फ्लैट लिया और बाद में उसे खरीदने का झांसा देकर 2016-17 में करीब 8 लाख रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद वर्ष 2020 में एक मामले में मदद के नाम पर 2 लाख रुपये और लिए गए।
आरोप है कि दिसंबर 2023 में दीपांकर ने भुगतान के नाम पर 20,450 डॉलर का बैंक ऑफ अमेरिका का चेक दिया, जो बाउंस हो गया। इसके बाद अक्टूबर 2024 में उसने बिजनेस स्कीम में निवेश पर तीन से चार गुना मुनाफे का लालच दिया। कागजात पर हस्ताक्षर और कंपनी में काम दिलाने के बहाने करोड़ों के लेन-देन का दबाव बनाया गया। शिकायतकर्ता ने वर्ष 2017 से अगस्त 2025 के बीच नकद, बैंक स्थानांतरण और डिजिटल माध्यमों से दी गई विभिन्न रकमों का पूरा विवरण पुलिस को सौंपा है।
जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, तो दीपांकर द्वारा दिए गए सभी चेक बैंक में बाउंस हो गए। इसके बाद विवाद बढ़ने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
