
Jamshedpur.डीडी बार के बाहर हिंसक वारदात और करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की हत्या के मामले की जांच करने एडीजी (विधि-व्यवस्था) मनोज कौशिक सोमवार को जमशेदपुर पहुंचे। उन्होंने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च्स्तरीय समीक्षा बैठक की और अब तक हुई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट ली।
बैठक में एडीजी ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। एडीजी मनोज कौशिक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के वक्त मौके पर मौजूद या सूचना मिलने के बाद भी मुस्तैदी न दिखाने वाले कुछ पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की आंतरिक जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कर्तव्य में कोताही बरतने वाले जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
एडीजी ने बताया कि इस हत्याकांड में संलिप्त तीन मुख्य आरोपियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, बार मालिक भाजपा नेता नीरज सिंह समेत फरार चल रहे अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई विशेष टीमों का गठन किया गया है।
उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों से समझा कि आदित्यपुर निवासी हिमांशु सिंह और उनके साथी प्रत्यूष सिंह पर किन परिस्थितियों में हमला हुआ था। उन्होंने मौके पर मौजूद साक्ष्यों को देखा और अधिकारियों को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और साक्ष्य-आधारित जांच सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया।
