Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur : परसुडीह के गोलपहाड़ी में पत्नी से विवाद के बाद आक्रोशित युवक ने अपने ही घर में लगा दी आग

Jamshedpur. परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद से आक्रोशित एक युवक ने अपने ही घर में आग लगा दी। इस घटना में पूरा मकान और उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, गोलपहाड़ी निवासी राजा सिंह का अपनी पत्नी के साथ पिछले तीन दिनों से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद लगातार बढ़ता जा रहा था, जिसके चलते गुरुवार को युवक ने गुस्से में आकर यह खौफनाक कदम उठा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने घर के अंदर आग लगाई, जो देखते ही देखते तेजी से फैल गई और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

घटना के समय घर में मौजूद सभी सदस्य सतर्कता दिखाते हुए समय रहते बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, घर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। फिलहाल पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। 

Exit mobile version