Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: मंगेतर से ‘कहासुनी’ के बाद जादूगोड़ा की युवती ने की खुदकुशी, कमरे से 350 पन्नों की मिली डायरी

Jamshedpur . भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), कानपुर की 28 वर्षीय कनिष्ठ तकनीशियन ने मंगेतर से कथित तौर पर हुई कहासुनी के बाद शनिवार को परिसर स्थित अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान अंजू कुमारी के तौर पर हुई है, जो झारखंड के पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा की रहने वाली थीं और पिछले तीन साल से संस्थान की एक प्रयोगशाला में काम कर रही थीं। वह परिसर में एक स्टाफ क्वार्टर में अकेली रहती थीं। पुलिस के मुताबिक, अंजू शनिवार को अपने मंगेतर से फोन पर बात कर रही थीं, तभी कथित तौर पर दोनों में बहस हो गई।

इसी दौरान अंजू ने अपनी जान देने की बात कहकर फोन काट दिया। पुलिस के मुताबिक, घबराए मंगेतर ने आईआईटी के परिसर में रहने वाले एक दोस्त से संपर्क किया और उससे अंजू का हालचाल पूछने को कहा। दोस्त के न होने पर, उसका भाई अंजू के कमरे पर गया, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। बार-बार दरवाजा खटखटाने और फोन कॉल का जवाब न मिलने पर, हॉस्टल वार्डन और पुलिस को सूचित किया गया। बाद में दरवाजा जबरदस्ती खोला गया। पुलिस ने बताया कि कमरे में अंजू फंदे से लटकी हुई मिली। उसे परिसर के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ओडिशा में तय हुई थी अंजू की शादी
अपर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) कपिल देव सिंह ने कहा कि एक फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और सबूत इकट्ठा किए। कमरे से लगभग 350 पन्नों की एक निजी डायरी मिली। डायरी की शुरुआती जांच से पता चलता है कि अंजू ने विस्तार से अपने निजी जीवन के बारे में लिखा है। अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मौत से कुछ समय पहले लिखे गए एक नोट में अंजू ने फोन पर बातचीत के दौरान डांटे जाने से दुखी होने का जिक्र किया है। पुलिस ने कहा कि अंजू की शादी ओडिशा में बिजली विभाग के एक कर्मचारी पंकज से तय हुई थी, और दोनों की जल्द ही सगाई होने वाली थी। जांच के दौरान, पुलिस को यह भी पता चला कि अंजू के भाई ने करीब एक साल पहले आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद से वह कथित तौर पर मानसिक तनाव से जूझ रही थी।

हालांकि, परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि वह हाल के महीनों में ठीक हो गयी थी। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एसएम कासिम आबिदी ने कहा, ‘प्रथम दृष्टया, निजी और पारिवारिक जीवन की कुछ परेशानियां एक वजह लग रही है, हालांकि, विस्तृत जांच की जा रही है।’ पुलिस ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अंजू के परिवार वाले झारखंड से कानपुर आ रहे हैं।

Exit mobile version