
Jamshedpur. टाटा स्टील द्वारा संचालित जमशेदपुर फुटबॉल क्लब को बंद किए जाने के बाद अब इसका विरोध दिखने लगा है. जमशेदपुर फुटबॉल प्रेमियों ने टाटा स्टील कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया और कहा कि टाटा स्टील अपना निर्णय बदले अन्यथा जोरदार आंदोलन होगा.
जमशेदपुर में फुटबॉल प्रेमी इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतर चुके हैं, जिसके तहत फुटबॉल प्रेमी और खिलाड़ियों ने बिष्टुपुर स्थित टाटा स्टील के कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन कार्यालय के पास सड़क पर जोरदार प्रदर्शन किया और जमशेदपुर फुटबॉल क्लब को फिर से चालू करने की मांग की. इस विरोध प्रदर्शन में काफी संख्या में फुटबॉल प्रेमी मौजूद रहे. वहीं जमशेदपुर में टाटा स्टील द्वारा संचालित JFC बंद होने पर टाटा स्टील के वीपीसीएस ने पहली बार अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि बोर्ड के फैसले के बाद यह निर्णय लिया गया है और इसका वित्तीय गड़बड़ी से कोई संबंध नहीं है.
वाइस प्रेसिडेंट कॉर्पोरेट सर्विसेज डीबी सुंदररामम ने कहा कि खेलों में निवेश का उद्देश्य कभी लाभ कमाना नहीं होता, बल्कि खिलाड़ियों को अवसर देना, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और भविष्य की प्रतिभाओं को तैयार करना होता है. इसी सोच के साथ टाटा स्टील ने वर्षों तक JFC का संचालन किया और भारतीय फुटबॉल को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
