
Jamshedpur. पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला में जिला परिषद सदस्य कर्ण सिंह को एक मामले में जेल भेजे जाने के विरोध में जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर उपायुक्त से मुलाकात की. जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू और उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी. प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि स्थानीय थाना प्रभारी ने बिल्डर से मिलीभगत कर जान बूझकर कर्ण सिंह के खिलाफ गलत एफआईआर दर्ज करवाई और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया.
उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने और संबंधित थाना प्रभारी पर कार्रवाई करने की मांग की. उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और सभी बिंदुओं पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू ने कहा, यह केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि पूरे पंचायत प्रतिनिधि वर्ग के सम्मान का सवाल है. यदि हमारे बीच के किसी एक को झूठे केस में फंसाया जाता है, तो यह पूरे लोकतंत्र का अपमान है.
हम सभी संगठित होकर इसके खिलाफ आवाज उठाएंगे. प्रतिनिधिमंडल में कविता परमार, पारितोष सिंह, कुसुम पूर्ति, सबिता सरदार, सोनमोनी सरदार, पार्वती मुंडा, धरित्री महतो, देवयानी मुर्मू, खगेंन महतो, पूर्णिमा मल्लिक और सुभाष सिंह सहित कई अन्य सदस्य मौजूद थे.
