
Jamshedpur.कदमा मरीन ड्राइव सती घाट के पास मंगलवार को तड़के पशु लेकर जा रहा एक वाहन बेकाबू होकर पलट गया. हादसे के बाद हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता जुट गये. कार्यकर्ताओं ने वाहन चालक ओडिशा के रायरंगपुर निवासी शेख तसलीम और उसके साथी हल्दीपोखर मुस्लिम बस्ती निवासी एहसान अली की पिटाई कर दी. इस दौरान काफी हंगामा हुआ. सूचना मिलने पर कदमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने वाहन से 10 पशुओं को बाहर निकाला, जिसे गोशाला भेजा गया.
वहीं शेख तसलीम, एहसान अली और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को पुलिस थाना ले गयी. इस मामले में कदमा थाना में पदस्थापित एएसआइ रमेश राम के बयान पर गिरफ्तार शेख तसलीम, उसके साथी एहसान अली, वाहन मालिक रायरंगपुर निवासी विक्की, कपाली में पशु तस्कर व बूचड़खाना संचालक राजा के खिलाफ प्रतिबंधित पशु की हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक रायरंगपुर से वाहन में पशु को कपाली ले जा रहे थे. इस मामले में वाहन मालिक व बूचड़खाना संचालक राजा की तलाश की जा रही है. फिलहाल दोनों फरार हैं. गिरफ्तार शेख तसलीम और एहसान अली से पूछताछ के बाद शाम में न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
