Jamshedpur.टाटा स्टील के केबल टनल क्षेत्र में कंपनी की संपत्ति पर हाथ साफ करने पहुंचे दो युवकों को सिक्योरिटी टीम ने रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से 486 किलो कॉपर केबल बरामद की गई है। बरामद केबल की अनुमानित कीमत 1 लाख 25 हजार 260 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, टाटा स्टील की सिक्योरिटी टीम को कंपनी परिसर में कॉपर केबल चोरी किए जाने की योजना की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा कर्मियों ने संबंधित इलाके में निगरानी बढ़ा दी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
इसी दौरान केबल टनल क्षेत्र में टीम ने रणनीति के तहत घेराबंदी की और दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में कॉपर केबल बरामद हुई। जांच में बरामद केबल का वजन 486 किलो पाया गया। यह केबल कंपनी के एचएसएम सी-3 यार्ड से बरामद की गई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी निवासी मोहम्मद अफजल और नौशाद अंसारी के रूप में हुई है। सिक्योरिटी टीम ने बरामद केबल को जब्त कर दोनों आरोपियों को संबंधित थाना पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
