Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur Bagbeda: बागबेड़ा कॉलोनी में देर रात ले रहा था अवैध पानी कनेक्शन, रंगेहाथ पकड़ाया, चकमा देकर भागा

Jamshedpur. बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना के अंतर्गत रविवार रात्रि 12:30 बजे हिल टॉप स्कूल के सामने मुख्य पाइप में बड़ा छेद कर अवैध जल कनेक्शन लिया जा रहा था. पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता व अन्य ने मौके पर पहुंचकर अवैध कार्य करने वाले को रंगेहाथ पकड़ लिया. हालांकि आरोपी रविंद्र कुमार शर्मा चकमा देकर मौके से फरार हो गया. उसके औजार जब्त कर मुखिया को सौंप दिये गये. पंचायत समिति और वार्ड सदस्यों ने रात में ही इस घटना की जानकारी मुखिया और अन्य प्रतिनिधियों को दी. सोमवार की सुबह जब जलापूर्ति शुरू हुई, तो छेद किये गये पाइप से पानी तेजी से सड़क पर बहने लगा. इस सूचना पर पंचायत समिति सदस्य, मुखिया और अन्य स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे.

आरोपी रविंद्र कुमार शर्मा को मौके पर बुलाया. पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह  निबंधित प्लंबर के कहने पर यह कार्य कर रहा था. उसने अपनी गलती स्वीकार कर दोबारा ऐसा न करने की बात कही. उसने सार्वजनिक रूप से माफी मांगा. पंचायत प्रतिनिधियों ने उससे लिखित आवेदन लेकर चेतावनी देकर छोड़ दिया. पंचायत समिति ने अवैध कनेक्शन देने वाले प्लंबर का लाइसेंस रद्द करने के लिए पेयजल विभाग के कार्यपालक अभियंता को आवेदन देने का निर्णय लिया.

मुखिया राजकुमार गोंड व पंसस सुनील गुप्ता ने बताया कि जलापूर्ति योजना सिर्फ 1140 वैध उपभोक्ताओं के लिए बनी है, लेकिन अवैध रूप से करीब 500 से अधिक कनेक्शन दिये गये हैं. इस कारण वैध उपभोक्ताओं को पूरा पानी नहीं मिल पा रहा है. अवैध उपभोक्ता बिना शुल्क दिये मोटर लगाकर पानी चुरा रहे हैं, जिससे पानी की समस्या बढ़ रही है.

Exit mobile version