
Jamshedpur/Ranchi. बकरीद (ईद-उ-जोहा) 7 जून को मनायी जाएगी. इसे को लेकर डीजीपी अनुराग गुप्ता ने सोशल मीडिया पर निगरानी का आदेश दिया. साथ ही डीजे पर भड़काऊ गाने बजाने पर रोक लगाने का आदेश दिया गया है. असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अपेक्षित निरोधात्मक कार्रवाई करने, विधि-व्यवस्था संधारण के लिए दंडाधिकारी और बलों की उपलब्धता के साथ प्रतिनियुक्ति को लेकर भी निर्देश दिए गए.
डीजीपी ने जिलों में दंगारोधी सुरक्षा उपकरणों, दंगारोधी वाहन, वाटर केनन की उपलब्धता एवं एंटी रॉयट कंट्रोल ड्रील की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है. डीजीपी ने जिलों के एसपी को निर्देश दिया कि धार्मिक स्थलों व संवेदनशील स्थानों के आसपास की सुरक्षा बढ़ाएं. ऐसी जगहों पर सीसीटीवी लगवाएं। साथ ही वीडियोग्राफी और ड्रोन से निगरानी की भी व्यवस्था की जाए.
इसके मद्देनजर जमशेदपुर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. इस संबंध में यातायात डीएसपी कार्यालय से उपायुक्त, ट्राफिक डीएसपी और एसएसपी के हस्ताक्षर से आदेश जारी किया गया है. 7 जून को जमशेदपुर में नो इंट्री लागू की गयी है. 7 जून को सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का परिचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी गयी है. बसे सिर्फ बड़ी गाड़ियों में संचालित होगी.
