Lahar Chakra

Jamshedpur Bandh: ‘जमशेदपुर बंद’ से सामान्य जनजीवन बाधित, प्रमुख सड़कें अवरुद्ध, स्कूलों सहित शैक्षणिक संस्थान बंद रहे, ऑटो-रिक्शा, बसें और अन्य वाहन सड़कों से नदारद

Jamshedpur. हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में NDA का ‘जमशेदपुर बंद’ से सामान्य जनजीवन बाधित है।शहर में कथित रूप से बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में विपक्षी पार्टी भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकर्ताओं द्वारा सूर्योदय से सूर्यास्त तक बंद का आह्वान किए जाने से जनजीवन बाधित रहा। बंद समर्थकों ने प्रमुख सड़कों को अवरुद्ध कर दिया, टायर जलाए तथा शहर के बाजार, बैंक और डाकघर बंद करा दिए। अधिकांश ऑटो-रिक्शा, बसें और अन्य वाहन सड़कों से नदारद रहने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्कूलों सहित शैक्षणिक संस्थान बंद रहे, जबकि व्यापारिक प्रतिष्ठानों के शटर भी दिनभर गिरे रहे। स्टील सिटी के नाम से प्रसिद्ध जमशेदपुर में 27 जून को बिष्टुपुर क्षेत्र स्थित एक बार में कुछ लोगों के साथ हुई झड़प में 28 वर्षीय हिमांशु सिंह की हत्या के बाद से लगातार विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं।

झारखंड पुलिस ने इस हत्या के मामले में तीन नाबालिगों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही शहर और उसके आसपास के छह थाना क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक सरयू राय के नेतृत्व वाले सर्वदलीय सर्व समाज तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शहर में कथित रूप से बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में इस बंद का आह्वान किया था।

Exit mobile version