Lahar Chakra

Jamshedpur Bandh: हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में NDA का ‘जमशेदपुर बंद’ का दिख रहा व्यापक असर, साकची, बिष्टुपुर, जुगसलाई समेत पूरा शहर ठप

Jamshedpur. हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में NDA की ओर से बुलाए गए जमशेदपुर बंद का शहर में व्यापक असर देखने को मिल रहा है. सुबह से बाजार बंद हैं। साकची, गोलमुरी, बर्मामाइंस, टिनप्लेट, टेल्को, बारीडीह, सिदगोड़ा आदि क्षेत्रों में बाजार पूरी तरह से बंद हैं। बंद समर्थकों के सड़क पर उतरने के कारण शहर के लगभग सभी प्रमुख इलाकों में सन्नाटा है।

बसों का परिचालन पूरी तरह से ठप है. सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और केवल इक्का-दुक्का ऑटो ही चलते दिखाई दे रहे हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। सुबह के समय कुछ ऑटो रिक्शा सड़कों पर नजर आए, लेकिन करीब नौ बजे के बाद उनका परिचालन भी बंद हो गया। निजी वाहनों को छोड़कर सार्वजनिक परिवहन लगभग पूरी तरह ठप रहा।

भाजपा और जदयू के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे
बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा और जदयू के कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर गए। विभिन्न चौक-चौराहों पर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए लोगों से बंद का समर्थन करने की अपील की।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने आदित्यपुर-गम्हरिया मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए कई औद्योगिक इकाइयों की कर्मचारियों को ले जा रही बसों को रोक दिया। इसके कारण कई कर्मचारियों को बिना ड्यूटी किए ही वापस लौटना पड़ा। औद्योगिक क्षेत्र में भी सामान्य गतिविधियां प्रभावित रहीं।

Exit mobile version