Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 चोरी की स्प्लेंडर बरामद; 6 आरोपी पकड़े गए

जादूगोड़ा और धालभूमगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, गिरोह में शामिल पांच विधि-विरुद्ध किशोर भी पकड़े गए; वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए चलाया गया विशेष अभियान

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में जादूगोड़ा और धालभूमगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी की 10 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इस मामले में कुल छह युवकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, जिनमें पांच विधि-विरुद्ध किशोर शामिल हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर जिले में वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। जादूगोड़ा और धालभूमगढ़ थाना पुलिस की टीम ने सघन छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया।

10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

अभियान के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी में संलिप्त गिरोह का पता लगाते हुए कुल 10 चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कीं। कार्रवाई में गिरोह से जुड़े छह युवकों को पकड़ा गया। इनमें पांच विधि-विरुद्ध किशोर हैं।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में आगे की जांच भी की जा रही है।

न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार वयस्क आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, विधि-विरुद्ध किशोरों के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Exit mobile version