


Jamshedpur. साकची के महानगर कार्यालय में भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर हमला बोला. भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि महिलाओं का अपमान करना कांग्रेस के डीएनए में है. प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के बारे में कांग्रेस के डॉ अजय कुमार ने अशोभनीय टिप्पणी की थी और उनको आदिवासी का प्रतीक मानने से इनकार किया था. डॉ अजय ने जमशेदपुर पूर्वी से भाजपा प्रत्याशी पूर्णिमा साहू के बारे में भी अशोभनीय टिप्पणी की, लेकिन कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने इनके बयान का खंडन नहीं किया. इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस महिलाओं के अपमान की चिंता नहीं. प्रतुल ने कहा कि महिलाएं अपने अपमान का जवाब वोट के माध्यम से देंगी. प्रतुल शाहदेव ने कहा वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 7400 बेटियों के साथ दुष्कर्म हुआ, जिनमें एक तिहाई एससी-एसटी हैं. 25 प्रतिशत से भी कम ऐसे मुकदमों में चार्जशीट दाखिल हुए.



