Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur : भारत बंद में तोड़फोड़ करने के आरोपी भाजपाई 13 साल बाद बरी

जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित भारत बंद के दौरान स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मानगो शाखा में तोड़फोड़ करने और सरकारी काम में बाधा डालने के सात आराेपियों को 13 साल बाद कोर्ट ने रिहा कर दिया है. भाजपा नेताओं में विकास सिंह, गुंजन यादव, राजेश सिंह, मनोज सिंह, सुनील सिंह, सूरज नारायण और टोनी सिंह शामिल थे.

इस लंबी कानूनी लड़ाई में अधिवक्ता मलकीत सिंह और मनप्रीत सिंह ने भाजपा नेताओं का पक्ष रखा और उन्हें निर्दोष बताया. उनके अनुसार, इन नेताओं पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद थे. उन्होंने अदालत में यह साबित किया कि इन नेताओं ने केवल भारत बंद का समर्थन करते हुए बैंक के बाहर से गुजरते समय किसी प्रकार की अव्यवस्था में भाग नहीं लिया था.

इस मामले में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मानगो शाखा के तात्कालिक मैनेजर और मानगो थाना के तात्कालिक थानेदार की गवाही हुई थी. हालांकि, इन दोनों ने केवल विकास सिंह की पहचान की थी. साक्ष्य की कमी के कारण, प्रथम न्यायिक दंडाधिकारी अरविंद कुमार ने सभी आरोपियों को बरी कर दिया. इस फैसले के साथ, विकास सिंह, गुंजन यादव, सुनील सिंह, राजेश सिंह, मनोज सिंह और सूरज नारायण को न्याय मिला. इस मामले में एक आरोपी टोनी सिंह का नाम था, जो कुछ माह पूर्व हत्या का शिकार हो चुका था. इसलिए उसे इस मामले से अलग कर दिया गया.

Exit mobile version