Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS :स्व. शफायत हुसैन की स्मृति में रक्तदान शिविर में 104 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान

जमशेदपुर। “कुरान-ए-पाक में कहा गया है कि यदि आप किसी एक इंसान की मदद करते हैं, तो आपके माध्यम से इंसानियत जिन्दा होती है। ऐसे में रक्तदान जैसा नेक कार्य, जिससे किसी जरूरतमंद को जीवन मिलता है, ईश्वर की सबसे बड़ी सेवा है।” उक्त विचार आज रेड क्रॉस भवन में स्व. शफायत हुसैन की स्मृति में एहसिन फाउंडेशन के संयोजन में आयोजित रक्तदान शिविर के उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित इस्लामी धर्मगुरुओं ने व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि अपने माता-पिता और पूर्वजों की स्मृतियों को समाजसेवा के माध्यम से जीवित रखना भी पुण्य का कार्य है। जब किसी व्यक्ति को उसके अच्छे कार्यों के लिए याद किया जाता है, तो उसकी स्मृति समाज में सदैव जीवित रहती है।
रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के पेट्रन एवं एहसिन फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष आसिफ मेहमूद के पिता स्व. शफायत हुसैन की स्मृति में आयोजित इस रक्तदान शिविर का उद्घाटन अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर डॉ. सुमैला आसिफ ने रक्तदान को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा के साथ-साथ स्वयं रक्तदाता के लिए भी एक सकारात्मक और पुण्यदायी कार्य है।
कार्यक्रम की शुरुआत झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता एवं पद्मभूषण स्व. शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन तथा प्रसिद्ध सिने अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए कार्यक्रम में काजी सउद आलम, मुफ्ती निशान्त साहब, मुफ्ती अमिरूल हसन साहब, हाजी अनवर, रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह तथा पेट्रन पूरबी घोष उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन ह्युमन वेल्फेयर ट्रस्ट के सचिव मुख्तार आलम ने किया।
कार्यक्रम के दौरान टाटा स्टील खेल विभाग के अधिकारी हसन इमाम को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वहीं शतकवीर रक्तदाता सुखवीर सिंह मांडला को उनके 112वें रक्तदान के लिए शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
रक्तदान शिविर में कुल 104 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया।

पूर्वजों की स्मृति में समाजसेवा से बेहतर श्रद्धांजलि क्या हो सकती है : विजय कुमार सिंह
नर्मदा देवी–सत्यनारायण दोदराजका की स्मृति में 10 से 12 अक्टूबर तक नेत्र ज्योति यज्ञ
जमशेदपुर, 8 अक्टूबर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम एवं राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में रेड क्रॉस सोसाईटी के पेट्रन एवं समाजसेवी गोविन्द प्रसाद दोदराजका के माता-पिता नर्मदा देवी एवं सत्यनारायण जी दोदराजका की स्मृति में नेत्र ज्योति यज्ञ का आयोजन 10 से 12 अक्टूबर तक बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में किया जाएगा।
शिविर के प्रथम दिन 10 अक्टूबर को नेत्र रोगियों की आंखों की जांच की जाएगी तथा मोतियाबिंद से ग्रसित मरीजों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण के लिए चयन किया जाएगा। चयनित मरीजों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण 11 अक्टूबर, रविवार को नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. पूनम सिंह एवं डॉ. विवेक केडिया तथा उनकी सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा किया जाएगा।
रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने नेत्र ज्योति यज्ञ के आयोजन पर कहा कि, “अपने पितरों को याद करने का इससे बेहतर तरीका और क्या हो सकता है कि उनकी स्मृति में समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए कोई नेक कार्य किया जाए। किसी जरूरतमंद व्यक्ति की आंखों में रोशनी लौटाना अपने पूर्वजों को सच्ची श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ मानवता की भी बड़ी सेवा है।”
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य न केवल जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई रोशनी लाते हैं, बल्कि समाज में सेवा और संवेदना की भावना को भी मजबूत करते हैं।

Exit mobile version