Jamshedpur. मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर 14 निवासी 55 वर्षीय सुखदेव शर्मा का शव सोमवार की रात एमजीएम थाना क्षेत्र के गोकुलनगर के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर एमजीएम अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। मंगलवार की शाम परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अपने साथ ले लिया।
बताया जाता है कि सुखदेव शर्मा की तबीयत खराब होने पर परिजन सात नवंबर को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया था। मेडिसिन विभाग में उनका इलाज चल रहा था। परिजनों के अनुसार सुखदेव शर्मा नशे के आदी थे। सोमवार को अस्पताल में उनका अटेंडर बाथरूम गया हुआ था। इसी दौरान वह किसी को बिना बताए अस्पताल से बाहर निकल गए।
बताया जा रहा है कि अस्पताल से निकलने के बाद वह गोकुलनगर के पास पहुंचे और नशा करने के बाद वहीं सो गए। इसी दौरान उनकी मौत हो गई। सोमवार की रात स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर घर चले गए। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
