
Jamshedpur. सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में बुधवार तड़के पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी अजीत मंडल और मोहन यादव घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि फायरिंग कांड के दोनों आरोपी रांची से जमशेदपुर आने वाली बस से शहर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया और दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनसे घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही थी।
इसके बाद दोनों आरोपियों को आज तड़के हथियार बरामदगी के लिए सोनारी के फागू बाबा मंदिर के पास मरीन ड्राइव ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान अजीत मंडल ने कथित तौर पर एक पुलिस जवान की पिस्टल छीन ली और पुलिस पर अचानक तीन राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों आरोपियों के पैर में गोली मारकर उन्हें घायल कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों आरोपियों के पैर में दो-दो गोलियां लगी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों और कई पुलिस पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बिंदल मॉल फायरिंग से जुड़ा है मामला
अजीत मंडल और मोहन यादव पर सोनारी के मरीन ड्राइव स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी में शामिल होने का आरोप है। इस घटना में चार लोग घायल हुए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और उनसे पूछताछ के आधार पर हथियार बरामदगी की कार्रवाई की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस फायरिंग की घटना, हथियारों तथा आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।