
Jamshedpur.जमशेदपुर शहर के चर्चित उद्यमी एवं एशिया उपाध्यक्ष देवांग गांधी के अपहृत पुत्र और युवा उद्यमी कैरव गांधी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। करीब 13 दिनों तक लापता रहने के बाद मंगलवार, 14वें दिन सुबह लगभग 4:30 बजे पुलिस टीम ने उन्हें बरामद कर सुरक्षित उनके परिवार के पास घर पहुंचा दिया। इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। उद्योगपति का बेटा मंगलवार तड़के हजारीबाग जिले के बरही से मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि उद्योगपति देवांग गांधी के बेटे कैरव (24) का अपहरण उस समय किया गया था, जब वह सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अपने कार्यालय जा रहा था।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा, ‘‘जमशेदपुर पुलिस ने आज उसे खोज लिया। उसे तड़के करीब साढ़े चार बजे उसके घर भेजा गया। उन्होंने कहा कि इससे पहले पुलिस को घटना की रात राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर कांदेरबेड़ा इलाके से कैरव की कार मिली थी।
गौरतलब है कि 13 जनवरी को कैरव गांधी के अचानक लापता होने की घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी। राजनीतिक, व्यावसायिक और सामाजिक हलकों में इस मामले को लेकर लगातार चर्चा और चिंता बनी हुई थी।
दो दिन पहले डीजीपी पहुंचीं थीं जमशेदपुर
दो दिन पूर्व राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा जमशेदपुर पहुंची थीं। उन्होंने कैरव गांधी से जुड़े मामले की जानकारी ली थी।हालांकि, जमशेदपुर के पुलिस कप्तान ने इसे रूटीन वर्क बताया था। इससे पहले पुलिस ने कैरव गांधी की कार चांडिल के कांदरबेड़ा क्षेत्र से बरामद की थी।
