
Jamshedpur. बोड़ाम थाना क्षेत्र के बेलडीह पंचायत स्थित जोबा गांव में सोमवार को मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में आयोजित पारंपरिक काड़ा (भैंसा) लड़ाई प्रतियोगिता एक भयानक त्रासदी में बदल गई। मैदान में दो ताकतवर भैंसों की भिड़ंत के दौरान एक उग्र भैंसा अनियंत्रित होकर दर्शक दीर्घा की ओर दौड़ पड़ा। भागने की आपाधापी में भैंसे ने वहां खड़े एक पिता को अपने सींगों पर उठाकर जमीन पर पटक दिया।
उनके नाबालिग बेटे को भी बुरी तरह रौंद डाला। इस दर्दनाक हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि पुत्र की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जोबा गांव के फुटबाल मैदान में युवा कमेटी द्वारा काड़ा लड़ाई का आयोजन किया गया था। दोपहर करीब एक बजे दो भैंसों के बीच रोमांचक मुकाबला चल रहा था।
हारता देख एक भैंसा जान बचाकर मैदान के बाहर की ओर भागा।दुर्भाग्यवश, वहां खड़े जोबा निवासी 55 वर्षीय सुभाष कर्मकार उसकी चपेट में आ गए। भैंसे ने सुभाष को सींग से हवा में उछाल दिया। पिता को बचाने की कोशिश में उनका 15 वर्षीय पुत्र सागर कर्मकार भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
