


जमशेदपुर: जमशेदपुर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स सोसाइटी (जेसीएएस) के आह्वान पर आज शहर में 100 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने आयकर विभाग कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने वित्त मंत्री से आयकर रिटर्न, ऑडिट रिपोर्ट और ट्रांसफर प्राइसिंग से जुड़े फॉर्म 3सीएबी की समय सीमा बढ़ाने की मांग की.
इस दौरान जेसीएएस की ओर से आयकर विभाग को ज्ञापन सौंपा गया. इसमें कहा गया है कि टैक्स ऑडिट रिपोर्ट की तारीख 30 सितंबर से बढ़ाकर 15 नवंबर की जाए, ऑडिट केसों में आईटीआर की तारीख 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 15 दिसंबर की जाए, फॉर्म 3सीएबी और संबंधित आईटीआर की अंतिम तारीख 30 नवंबर से बढ़ाकर 15 जनवरी करने की मांग शामिल है.
चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने कहा कि इस वर्ष आईटीआर यूटिलिटीज देर से जारी हुई हैं, पोर्टल में तकनीकी समस्याएँ बनी हुई हैं और नए ऑडिट रिपोर्टिंग प्रावधान लागू किए गए हैं. इसके अलावा, सितंबर से नवम्बर तक अन्य वैधानिक अनुपालन भी लंबित हैं और त्योहारों के चलते कार्य दिवस कम हैं. ऐसे में निर्धारित समयसीमा में त्रुटिरहित और गुणवत्तापूर्ण अनुपालन करना असंभव है.
जेसीएएस अध्यक्ष सीए मनीष मूनका ने बताया कि समयसीमा बढ़ाने से राजस्व पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि कर अग्रिम कर और टीडीएस के माध्यम से पहले ही प्राप्त हो चुका है. उलटे, समय विस्तार से बेहतर गुणवत्ता, सटीकता और विवादों में कमी आएगी.आज के विरोध कार्यक्रम में जेसीएएस अध्यक्ष मनीष मूनका, उपाध्यक्ष सुगम सरायवाला, सचिव शिव कुमार चौधरी, कोषाध्यक्ष विनीत मेहता, आईसीएआई शाखा अध्यक्ष कौशलेंद्र दास, तथा कई वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स सहित दर्जनों पेशेवर उपस्थित थे.



