Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: छठ पर डिमना लेक में विशेष सावधानी बरतें श्रद्धालु, खतरे के निशान से आगे जाने पर रोक

प्रशासन की अपील- निर्धारित घाटों पर ही दें अर्घ्य, बैरिकेडिंग पार न करें; पटाखे फोड़ने और घाटों पर गंदगी फैलाने पर होगी कार्रवाई

जमशेदपुर। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, घाटों पर स्वच्छता और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने खास तौर पर डिमना लेक में जलस्तर और गहराई को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। श्रद्धालुओं से कहा गया है कि वे निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही अर्घ्य अर्पित करें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि डिमना लेक के किनारे से थोड़ा आगे बढ़ने पर असामान्य ढलान और अधिक गहराई है। इसलिए खतरे के निशान से आगे किसी भी परिस्थिति में न जाएं। घाटों पर लगाए गए बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरे और चेतावनी संकेतों को पार करना भी प्रतिबंधित है। श्रद्धालुओं से गहरे पानी में उतरने, तैरने या पानी की गहराई का अनुमान लगाकर आगे बढ़ने का प्रयास नहीं करने को कहा गया है।

घाटों पर अनुशासन और आपसी सहयोग जरूरी

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से घाटों पर अनावश्यक रूप से जगह घेरकर नहीं रखने की अपील की है। जिन व्रतियों ने अर्घ्य अर्पित कर लिया है, वे दूसरे श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराएं। घाटों पर पहले आओ, पहले पाओ के सिद्धांत का पालन करने और धक्का-मुक्की, अनावश्यक भीड़ तथा अफरा-तफरी से बचने की भी अपील की गई है।

घाटों पर पटाखों का इस्तेमाल पूरी तरह वर्जित रहेगा। नियम का उल्लंघन करते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालुओं से घाटों और जलाशयों में प्लास्टिक, कचरा या पूजन सामग्री इधर-उधर नहीं फेंकने तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने को कहा गया है।

बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान

प्रशासन ने बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया है। अभिभावकों से अपील की गई है कि बच्चों को जलाशय के किनारे अकेला न छोड़ें। किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल मौके पर तैनात प्रशासनिक एवं पुलिसकर्मियों को दें।

श्रद्धालुओं को घाटों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस बल और स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करने तथा अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने छठ महापर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है।

Exit mobile version