Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: CID ने जमशेदपुर के आजाद नगर से अंतरराष्ट्रीय साइबर दास्ता के मानव तस्कर को किया गिरफ्तार, लोगों को गैरकानूनी तरीके से झारखंड से ले जाता था थाईलैंड

Jamshedpur. पुलिस के अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) ने अंतरराष्ट्रीय साइबर दास्ता के लिए मानव तस्करी में कथित तौर पर संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी नौकरी के इच्छुक लोगों को गैरकानूनी तरीके से झारखंड से थाईलैंड में बैंकॉक ले जाता था और वहां उन्हें कथित तौर पर संगठित धोखाधड़ी वाली ऑनलाइन गतिविधियों में शामिल होने के लिए मजबूर किया जाता था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को जमशेदपुर के आजाद नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। सीआईडी ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘जांच के दौरान खुलासा हुआ कि भारत के बाहर स्थित सहयोगियों के साथ मिलकर आरोपी ने आकर्षक विदेशी नौकरियों का प्रलोभन देकर युवाओं की भर्ती की और विदेशों में साइबर धोखाधड़ी की गतिविधियों में शामिल होने के लिए वहां भेजा। पीड़ितों की पहचान करने, वित्तीय लेनदेन का पता लगाने और सह-आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए जांच जारी है।

सीआईडी ने बताया कि संभावित पीड़ितों से एजेंट संपर्क करते थे और उन्हें बैंकॉक, कंबोडिया, लाओस और थाईलैंड में डेटा एंट्री की नौकरी दिलाने का प्रलोभन देते थे और फिर उनसे वीजा और टिकट के लिए पैसे जमा करने को कहते थे।‘ विदेश की धरती पर पहुंचने पर, उन्हें धोखाधड़ी की गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्हें विभिन्न सोशल मीडिया मंच पर फर्जी खाते बनाने और आकर्षक निवेश प्रस्तावों के साथ संभावित पीड़ितों से संपर्क करने का निर्देश दिया जाता है।

भारत से तस्करी कर लाए गए व्यक्तियों को कठोर परिस्थितियों में लंबे समय तक काम करने के लिए मजबूर किया जाता है, उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए जाते हैं और उन्हें परिसर से बाहर नहीं निकलने दिया जाता है।’’

Exit mobile version