Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur Cold Weather: उत्तरी हवाओं ने जमशेदपुर में बढ़ायी ठिठुरन, पारा 9.4 डिग्री तक पहुंचा, IMD ने जारी किया अलर्ट, जानें आगे कैसा होगा मौसम?

Jamshedpur. जमशेदपुर समेत झारखंड के कई हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप जारी है. इस दौरान गुमला में राज्य का सबसे कम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी. जमशेदपुर में भी ठंड लगातार बढ़ रही है. शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान गिरकर 9.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है.भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने स्पष्ट किया है कि अगले एक सप्ताह तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. ऐसे में शहरवासियों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है.उत्तरी हवाएं चलने से रात और सुबह के समय ठंड और बढ़ सकती है. रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने 11 जिलों में शीत लहर को लेकर अलर्ट जारी किया है. केंद्र ने रविवार सुबह 8.30 बजे तक गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, रामगढ़, बोकारो और खूंटी जिलों में ‘येलो अलर्ट’ (सचेत रहें) जारी किया है.

रांची मौसम केंद्र के उप-निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि तापमान में गिरावट उत्तर-पश्चिमी हवा के कारण हो रही है जो झारखंड के निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर सक्रिय है. उन्होंने बताया, “अगले 48 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट आ सकती है. इसके बाद, इसमें दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है.

Exit mobile version