
Jamshedpur. पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से 25 मई (आज) को साकची पार्किंग मैदान में संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया जाएगा. यह रैली दिन के 3 बजे से शुरू होगी. इस रैलीमें कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. शनिवार को साकची के एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने रैली की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रखंड, मंडल, पंचायत और वार्ड स्तर पर कार्यरत कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और आम जनता को रैली में आमंत्रित किया गया है.
इस रैली के माध्यम से पार्टी नेतृत्व संविधान को बचाने की दिशा में अपनी बात रखेगा. उन्होंने बताया कि इस रैली में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश प्रभारी के. राजू, सह प्रभारी सिरीबेला प्रसाद, सांसद गुरमीत सिंह सप्पल, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री राधाकृष्णन किशोर, विधायक राजेश कच्छप, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार बलमुचू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार समेत कई राष्ट्रीय प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता भाग लेंगे.
