Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: जमशेदपुर पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने मनरेगा पर केंद्र सरकार को घेरा, निकाय चुनाव और महागठबंधन पर भी बोले

Jamshedpur.झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने जमशेदपुर के कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय बिष्टुपुर में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार विद्वेष के साथ कार्य कर रही है. महात्मा गांधी नरेगा को बदलकर अपना कुचक्र चल रही है. इस संदर्भ में महात्मा गांधी नरेगा को वापस लाने की मांग करते है. भाजपा की केंद्र सरकार ने आप का काम का अधिकार छीन लिया है.

महात्मा गांधी नरेगा को निरस्त करके और विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम (वीबी-ग्राम जी एक्ट) थोप कर भाजपा केंद्र सरकार ने ग्रामीण आजीविकाओं पर करारा प्रहार किया है. यह नया कानून लाखों ग्रामीण श्रमिकों, विशेषकर दलितों, आदिवासियों और महिलाओं के कठिनाइयों से जीते गए अधिकारों को कमजोर करता है.

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि आगामी निकाय चुनाव पूरे राज्य में महागठबंधन का सर्वसम्मत प्रत्याशी हीउ लड़ेगा. इस मामले में गठबंधन में सर्वसम्मति है. उन्होंने कहा कि यह ठीक है कि निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं होगा. परंतु महागठबंधन इसको लेकर एकमत है कि किसी पद को लेकर गठबंधन के लोग एक दूसरे के खिलाफ चुनाव नहीं उतरेंगे. इसके लिए समझौता होगा, कहीं किसी का अध्यक्ष रहेगा तो दूसरे का उपाध्यक्ष। प्रत्याशी जिला समिति तय करेगी. देखा जाएगा कि कौन सा प्रत्याशी सबसे बेहतर होगा.

परफार्म नहीं करने वाले कांग्रेसियों को हटाया जाएगा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस का जो मंत्री परफार्म नहीं करेगा, उसे हटा दिया जाएगा. कहा कि वैसे मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा होती है. गत दिन नई दिल्ली में रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बातचीत कर सभी मंत्रियों के कामकाज का आकलन किया था.

एक सवाल के जवाब में उन्होंने इस बात से इनकार किया कि अपनी सरकार में कांग्रेस विधायकों का ही काम नहीं होता है. उन्होंने कहा, हो सकता है कि सौ में दो-चार काम नहीं होता हो, परंतु उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आयी है. संगठन के मसले पर पूछे गये एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 80% बीएलए-2 बन गये हैं. हालांकि सभी का नाम निर्वाचन कार्यालय को नहीं सौंपा गया है. यह काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा.

संवाददाता सम्मेलन में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, वरिष्ठ नेता रामाश्रय प्रसाद, अशोक चौधरी, राकेश तिवारी, अजय सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र झा, आनंद बिहारी दुबे, खगेनचन्द्र चंद्र महतो, अवधेश सिंह, एलबी सिंह, बृजेंद्र तिवारी, संजय सिंह आजाद, सामंत कुमार, रजनीश सिंह, अतुल गुप्ता सहित दर्जनों नेता मौजूद थे.

Exit mobile version