
Jamshedpur. जमशेदपुर के पास कपाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह पुलिस ने कामारगोड़ा चौक के पास चलाए जा रहे एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान एक एसयूवी कार से चार गोवंशों को बरामद किया। हालांकि, पुलिस को चकमा देकर चालक वाहन छोड़कर भागने में सफल रहा। दरअसल, जमशेदपुर की ओर से आ रही एक सफेद रंग की महिंद्रा एक्सयूवी कार (JH05BT-0573) संदिग्ध अवस्था में आती दिखी। पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गति धीमी करने के बजाय और तेज कर दी और बैरिकेडिंग को चकमा देते हुए भागने लगा। कार की रफ्तार देख पुलिस को अनहोनी की आशंका हुई और तत्काल पुलिस की पीसीआर वैन ने उक्त वाहन का पीछा करना शुरू किया। पुलिस को पीछे आता देख तस्कर घबरा गया।
जब पुलिस नेएसयूवी कार के पिछले हिस्से की तलाशी ली, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। तस्करों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए कार के अंदर की सीटें हटाकर चार गायों को बेहद निर्दयता के साथ ठूंस-ठूंस कर बांध रखा था। पुलिस ने तत्काल सभी मवेशियों को कार से सुरक्षित बाहर निकाला। बरामद किए गए सभी गोवंशों को प्राथमिक उपचार और चारे की व्यवस्था के बाद सुरक्षित स्थानीय गौशाला भेज दिया गया है।
