
Jamshedpur. साकची थाना क्षेत्र में गणेश पूजा कार्यक्रम के दौरान फायरिंग करने का आरोपी राहुल राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को तामुलिया रोड, ब्रह्मानंद अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया गया. उसके पास से देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस मिले हैं. आरोपी राहुल राय सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर ह्यूम पाइप एरिया का रहने वाला है.
साकची स्थित एसएसपी ऑफिस में मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि 26 अगस्त की रात साकची स्थित तामरिया रोड में राज क्लब कमेटी द्वारा आयोजित गणेश पूजा कार्यक्रम में राहुल तिवारी और सूरज तिवारी के बीच आपसी विवाद और मारपीट हो गई थी. इसी दौरान राहुल राय ने सूरज तिवारी को जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी.
घटना के बाद साकची थाना में केस दर्ज किया गया था. इसी मामले में राहुल राय को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने राहुल राय के पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा बरामद किया है. इसके अलावा उसके पास से तीन कारतूस भी बरामद किया गया है. इससे पहले मामले के एक आरोपी राहुल तिवारी को 27 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है.
