Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur Crime: मानगो से सटे कपाली में रंगदारी के विवाद में फायरिंग, युवक को मारी गोली, गंभीर

Jamshedpur. मानगो से सटे कपाली थाना क्षेत्र में रंगदारी के विवाद को लेकर फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई। जिसमें एक युवक प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. घटना शनिवार देर रात की है. परिजनों ने आरोप लगाया है कि इलाके के इरफान और अन्य युवकों ने प्रिंस से रंगदारी की मांग की थी. रंगदारी देने से इंकार करने पर आरोपितों ने उस पर फायरिंग कर दी.

हमलावरों ने तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें से एक गोली सीधे प्रिंस के शरीर में लगी. गोली लगने के बाद प्रिंस जमीन पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजनों ने सूरज, इरफान और आफरीदी नामक युवकों को हमले का आरोपी बताया है. आरोपियों की पहचान होते ही इलाके में तनाव व्याप्त हो गया है.

परिजनों का कहना है कि यह पूरी घटना पहले से साजिश के तहत अंजाम दी गई थी, ताकि उनकी ओर से विरोध न किया जा सके. प्रिंस की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर उसके स्वास्थ्य में सुधार के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके.

Exit mobile version