
Jamshedpur.परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह ग्वाला पट्टी नाला के पास मंगलवार को गोलीबारी की घटना सामने आयी. बाइक सवार बदमाशों ने घर के बाहर खड़े एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक की पहचान कीताडीह निवासी रवि के रूप में हुई है, जिसे आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया. फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से चार खोखा (कारतूस के खोल) बरामद किए हैं.
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी सवार दो युवकों की तस्वीर कैद हुई है. इसमें एक बागबेड़ा निवासी समीर और दूसरा कीताडीह निवासी निहाल यादव बताया जा रहा है. घायल रवि यादव आरजेडी नेता कन्हैया यादव का पुत्र है. फायरिंग करने के बाद दोनों फरार हो गये. फायरिंग की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर जुटे और रवि को उठाकर पहले सदर अस्पताल लेकर गये. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे टीएमएच रेफर कर दिया गया. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है
