
Jamshedpur. टेल्को कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात फिर सामने आयी है. ताजा घटना में, रोड नंबर-20 स्थित क्वार्टर नंबर के 2/8 में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. गुरुवार देर रात हुई इस वारदात को अंजाम देने के लिए चोरों ने घर के पीछे के गेट की कुंडी उखाड़ी और चुपचाप अंदर घुस गए. घर में घुसते ही उन्होंने दो अलमारियों को तोड़ डाला और उनमें रखे करीब 40 हजार रुपये नकद के साथ-साथ लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए.
पीड़ित राजीव कुमार दास ने बताया कि गुरुवार की दोपहर दो बजे ड्यूटी गये थे. रात करीब 10 बजे लौटे तो कमरे की हालत देख हैरान रह गये. कमरे में रखी दो अलमारी के लॉक टूटे थे और उसमें रखे गहने व रुपये गायब थे. क्वार्टर के पीछे के गेट का ताला भी टूटा हुआ था. राजीव कुमार दास ने इसकी सूचना टेल्को थाना की पुलिस व कंपनी के सुरक्षा अधिकारी को दी. सूचना मिलने पर टेल्को थाना की पुलिस के अलावा टाटा मोटर्स के सुरक्षा अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल की जांच की.
उनकी पत्नी फिलहाल अपनी बहन के यहाँ रांची धुर्वा गई हुई हैं, जबकि बेटी भुवनेश्वर में पढ़ाई कर रही है.
राजीव कुमार दास ने बताया कि पुलिस जांच में किसी तरह की बाधा न आए, इसलिए उन्होंने फिलहाल घर के सामान को छुआ नहीं है. उनकी पत्नी के लौटने के बाद ही चोरी हुए कुल सामान का सही आकलन हो पाएगा. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. टेल्को कॉलोनी में लगातार हो रही चोरियों से स्थानीय लोग चिंतित हैं
