Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur Crime: अब पेट्रोल पंप पर झपट्टामार और छिनतई गिरोह सक्रिय, बागबेड़ा में पेट्रोल लेने के बहाने आए और पैसे छिनकर हुए फरार, CCTV फुटेज में देखें वारदात

Jamshedpur. अब तक तो शहर की सड़कों पर चोर, उचक्कों और बाइक सवार झपटमारों के द्वारा छिनतई की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था. लेकिन अब पेट्रोल पंप पर भी ये गिरोह सक्रिय हो गये हैं. ताजा मामला बागबेड़ा थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू काली मंदिर स्थित शिव शिवा पेट्रोल पंप का है. यहां मंगलवार की रात करीब 9:50 बजे छिनतई की वारदात सामने आयी है. लहर चक्र पत्रिका एवं न्यूज़ पोर्टल के संपादक कुमार मनीष पेट्रोल भराने पहुंचे थे, तभी बाइक सवार दो युवकों ने पेट्रोल लेने के बहाने उनके हाथ से 500 रुपये छिनकर फरार हो गए. पीड़ित ने पंप प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज मांगा. फुटेज में आरोपियों के चेहरे साफ दिखे.

 

पुलिस की गश्ती पर भी सवाल
बहरहाल छिनतई करने वाले गिरोह के द्वारा पेट्रोल पंप पर इस तरह की घटनाएं किये जाने से लोग सकते में हैं. बीते महीने में बदमाशों ने एक के बाद कई घटनाओं को अंजाम देकर शहर में पुलिसिया गश्ती को चुनौती देने का काम किया है. पेट्रोल पंप तथा आसपास के घरों तथा अन्य व्यावसायिक संस्थान में लगे CCTV फुटेज के आधार पर बागबेड़ा थाना अगर जांच करे, तो लूट में शामिल लुटेरों को बेनकाब किया जा सकता है, जिससे बागबेड़ा थाना एवं आसपास के थाना क्षेत्र में पूर्व में हुई नगद एवं मोबाइल लूट तथा चेन छिनतई इत्यादि की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है.

पेट्रोल पंप की सुरक्षा भी सवालों के घेरे में
घटना ने पेट्रोल पंप की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि बिना हेलमेट के बाइक सवारों को बेधड़क पेट्रोल दिया गया था, जो नियमों का उल्लंघन है. स्थानीय लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पेट्रोल पंपों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

Exit mobile version