
Jamshedpur. गोलमुरी के टुइलाडुंगरी बी ब्लाॅक निवासी मधुसूदन जोशी के घर का ताला तोड़कर लाखों के गहने समेत नकद की चोरी हो गयी. घटना गुरुवार रात की है. मधुसूदन जोशी परिवार के साथ सिदगोड़ा सूर्य मंदिर में शादी समारोह में गये थे. लौटे तो मेन गेट का ताला खोल अंदर जाने पर हैरान रह गये. अलग- अलग कमरे में रखे चार अलमारी का लॉक तोड़कर और एक अलमीरा का लॉक खोलकर करीब 15 लाख के गहने व नकद 30 हजार रुपये की चोरी कर ली गयी.
चोरों ने एक आलमारी को दूसरे रूम में ले जाकर उसका लॉक तोड़ा. करीब सवा घंटे के अंतराल में आराम से वारदात को अंजाम दिया. मधुसूदन जोशी के अनुसार संभवत: चोरों ने रेकी कर घटना को अंजाम दिया है. उन्हें जानकारी थी कि हमलोग शादी समारोह में जा रहे हैं. वे लौटने से पहले फरार भी हो गये. मधुसूदन जोशी ने बताया कि घर के ऊपरी तल्ले पर चाचा रहते हैं .
इसके अलावा अगल-बगल भी लोग रहते हैं. किसी ने चोर को नहीं देखा. ऐसा प्रतीत होता है कि जिसनें भी चोरी की घटना को अजाम दिया है, उसे घर के सभी कमरे की जानकारी थी. चोरों ने ड्रावर से चाभी निकालकर मां की आलमारी खोली,जबकि अन्य चार आलमारी का लॉक तोड़ दिया. सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना की पुलिस पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की. पुलिस चोरों की तलाश में जुट गयी है.
