Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: झारखंड स्थापना दिवस पर 15 नवंबर से शुरू होगा कार्यक्रमों का सिलसिला, ‘Run For Cleanliness’ से होगी शुरुआत

जमशेदपुर। झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 और स्थापना दिवस पखवाड़ा के आयोजन को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 15 नवंबर को ‘Run For Cleanliness’ के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद 17 से 24 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर खेलकूद, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उपायुक्त राजीव रंजन ने शुक्रवार को समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

महाराणा प्रताप चौक से स्वर्णरेखा घाट तक होगी स्वच्छता दौड़

उपायुक्त ने बताया कि 15 नवंबर को जिला मुख्यालय में सुबह 7 बजे महाराणा प्रताप चौक से ‘Run For Cleanliness’ का आयोजन होगा। दौड़ स्वर्णरेखा छठ घाट पर सुबह 8 बजे संपन्न होगी। यहां स्वच्छता अभियान चलाकर छठ घाट की साफ-सफाई की जाएगी।

इसी तरह जिले के सभी नगर निकायों और प्रखंडों में भी प्रमुख स्थलों एवं चौक-चौराहों से स्वच्छता दौड़ को फ्लैग ऑफ किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और छठ घाटों की सफाई में जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

17 से 24 नवंबर तक होंगी खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं

स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 17 से 24 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें खेलकूद प्रतियोगिताएं, नाटक, नृत्य-संगीत, निबंध लेखन सहित अन्य सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां शामिल हैं।

जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों और टीमों को 26 एवं 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। विजेताओं को 28 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।

खेलगांव में लगेगी मेला-सह-प्रदर्शनी

26 से 28 नवंबर तक खेलगांव, रांची में मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल के साथ प्रत्येक जिले का एक-एक स्टॉल और विशेष थीम पर आधारित स्टॉल लगाए जाएंगे।

पूर्वी सिंहभूम के स्टॉल में जिले के विशिष्ट उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जिले की पहचान और उपलब्धियों को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नवाचार पर केंद्रित विशेष स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

28 नवंबर को योजनाओं का उद्घाटन और परिसंपत्तियों का वितरण

राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को खेलगांव में मुख्य समारोह आयोजित होगा। इस दौरान विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी होगा।

उपायुक्त ने जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने तथा कार्यक्रमों में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, धालभूम एसडीएम, अपर उपायुक्त, जेएनएसी नगर आयुक्त, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, निदेशक एनईपी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, नजारत उपसमाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बीडीओ और सीओ वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े

Exit mobile version