Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: जिला समन्वय समिति की हुई बैठक, योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर DC ने पदाधिकारियों को दिये ये निर्देश

Jamshedpur. जिला समन्वय समिति की बैठक उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सोमवार को आहूत की गयी. बैठक में आधारभूत संरचना निर्माण, बुनियादी सुविधाएं, विकास परियोजनाओं व अन्य कल्याणकारी योजनाओं के ससमय क्रियान्वयन हेतु अंतर्विभागीय समन्वय पर चर्चा की गई. उपायुक्त ने कहा कि विभागीय समन्वय के अभाव में योजनाओं में अनावश्यक विलंब नहीं हो इसे सभी विभागीय पदाधिकारी सुनिश्चित करेंगे. ससमय योजनाओं के धरातल पर उतारे जाने से लक्षित वर्ग को उचित लाभ मिलता है. बैठक में कल्याण विभाग के माध्यम से वन क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों को सामुदायिक वन पट्टा का अधिकार दिलाने के लिए अंचलाधिकारियों को विशेष पहल करते हुए आवेदन सृजित करने तथा उचित प्रक्रिया पूर्ण करते हुए जिला स्तरीय कमेटी को अनुसंशा भेजने का निदेश दिया गया.

छात्रों को दी जाने वाली छात्रवृति के आवेदनों को ई कल्याण पोर्टल के माध्यम से निष्पादित करने, जाहेरस्थान घेराबंदी, धुमकुड़िया निर्माण- जीर्णोघार/ सौन्दर्यीकरण आदि से संबंधित कार्यो हेतु संबंधित अंचल अधिकारियों को भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए भूमि प्रतिवेदन भेजने का निदेश दिया गया. सरकार की महत्वकांक्षी मईया सम्मान योजना के सभी लाभुकों का भौतिक सत्यापन कार्य में तेजी लाने तथा सत्यापन उपरांत अयोग्य, मृत, गैर स्थानीय लाभुकों का सत्यापन कर अनुसंशा जिला को भेजने का निदेश दिया गया. इसके अलावे तकनीकी कारणों से योजना से वंचित लाभुकों की त्रुटि का निराकरण के लिए बैकिंग संस्थानों, प्रज्ञा केन्द्र संचालकों, वीएलई को प्राथमिकता के अधार पर लोगों के समस्याओं का निराकरण करने का आदेश दिया गया.

शिक्षा विभाग को संबंधित विभागों से समन्वय करते हुए सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों के बैंक खाता खोलने, आधार पंजीकरण, विद्यार्थियों का नियमित हेल्थ चेकप कराने तथा हेल्थ कार्ड बनाने का निदेश दिया. जिला के बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट में सुधार हेतु चिन्हित विद्यालयों में टैग किये गये जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को प्रत्येक 10 दिनों में संबंधित विद्यालयों में विजिट कर विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवता में सुधार के लिए ठोस पहल करने का निदेश दिया गया.

21 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक प्रस्तावित सरकार आपके द्वार अभियान के तहत पंचायतों में आयोजित शिविर में लोगों की भागीदारी तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से उन्हें लाभान्वित करने के लिए सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को शिविर के दौरान सरकार के द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुरूप शिविर का आयोजन तथा संचालन करने का निदेश दिया गया.

उन्होने कहा आयोजन से संबंधित जानकारी नागरिकों के साथ साथ जन प्रतिनिधियों को दी जाय. शिविर के दौरान प्रत्येक आवेदन तथा दी जाने वाली सेवाओं का पोर्टल पर इंट्री करे. निष्पादन योग्य आवेदनों तथा समस्याओं का यथा संभव तुरंत समाधान करेंगे. बैठक में विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, डीटीओ, डीएमसी जेएनएसी, एसडीओ, डीपीआरओ, डीसीएलआर, प्रभारी जिला योजना पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ समेत अन्य सभी विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

Exit mobile version