Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: छठ घाटों की तैयारियों का जायजा लेने निकलीं विधायक पूर्णिमा साहू, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

स्वर्णरेखा नदी के नौ घाटों का किया निरीक्षण, सफाई, रोशनी, सुरक्षा, मेडिकल सुविधा और चेंजिंग रूम की व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा

जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने स्वर्णरेखा नदी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर चल रही तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं एवं व्रतियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

विधायक ने सीतारामडेरा क्षेत्र के पांडे घाट, भुइयांडीह कल्याण नगर मुर्गा पाड़ा, बाबूडीह झरना घाट और बाबूडीह बारा घाट का दौरा किया। इसके बाद बारीडीह क्षेत्र के बागुनहातु डोंगा घाट, बिहारी बस्ती घाट, तिलक नगर घाट, भोजपुरी कॉलोनी घाट और निराला पथ घाट का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों और छठ पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर घाटों की मौजूदा स्थिति, जरूरी सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली।

घाटों पर सफाई से लेकर सुरक्षा तक की व्यवस्था का निर्देश

विधायक पूर्णिमा साहू ने अधिकारियों से कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और चिकित्सा सुविधा समय पर सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने व्रती महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाने, प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती करने तथा जरूरत के अनुसार एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों की मौजूदगी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं छठ पर्व से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।

कमियों को तत्काल दूर करने का दिया भरोसा

विधायक ने कहा कि दीपावली के बाद नदी घाटों की सफाई और व्यवस्था को लेकर काम में तेजी आई है। छठ पर्व में अब कम समय बचा है, इसलिए जहां भी कोई कमी या आवश्यकता सामने आएगी, उसे तत्काल दूर कराने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था और श्रद्धा का पर्व है। इसे शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों, पूजा समितियों और स्थानीय नागरिकों का सहयोग जरूरी है।

Exit mobile version