
Jamshedpur; प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गैंगस्टर अखिलेश सिंह से जुड़े कथित वित्तीय नेटवर्क की जांच के क्रम में फिर कार्रवाई की है। सूत्रों के अनुसार, हरियाणा के रोहतक स्थित विक्रम उद्योग प्रालि. के बीयर फैक्ट्री बॉटलिंग एवं पैकेजिंग प्लांट पर ईडी ने दबिश दी है। बताया जा रहा है कि इस प्लांट का संचालन वर्तमान में दुमका जेल में बंद माफिया डॉन अखिलेश सिंह की देखरेख में हो रहा है।
रांची में ईडी ने इस मामले में पहले ही ईसीआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच एजेंसी को संदेह है कि पिछले एक वर्ष के दौरान करीब 150 करोड़ रुपए के कथित हवाला लेनदेन का नेटवर्क विक्रम उद्योग प्रालि. के बीयर फैक्ट्री बॉटलिंग एवं पैकेजिंग प्लांट से संचालित किया गया। इसके बाद दो दिनों पहले वहां ईडी की रेड हुई। जांच में कुछ विशेष नोट नंबरों के आधार पर वित्तीय लेनदेन की पड़ताल की जा रही है। ईडी के अधिकारियों ने प्लांट के पदाधिकारी प्रवीण सिंह, समीर रजक और रवि जायसवाल से 14 घंटे तक पूछताछ की गई।
