दो दिवसीय आयोजन में अजमेर के जॉन अजमेरी और कोलकाता की रितिका सेन करेंगी भजनों की अमृत वर्षा, 21 नवंबर को मंगला आरती और महाप्रसाद का आयोजन
जमशेदपुर। मानगो में श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से 27वां श्रीश्री श्याम जन्मोत्सव 20 और 21 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। दो दिवसीय धार्मिक आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम मानगो न्यू पुरुलिया रोड स्थित श्री श्याम भवन में होगा। इस अवसर पर कोलकाता के विशेष कारीगरों द्वारा बाबा श्याम का भव्य दरबार फूलों से सजाया जाएगा।
संस्था के अध्यक्ष महावीर प्रसाद अग्रवाल ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि जन्मोत्सव के पहले दिन शुक्रवार, 20 नवंबर को शाम 7:15 बजे ज्योत प्रज्ज्वलन एवं पूजा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद रात 8:15 बजे से भजनों की अमृत वर्षा होगी।
अजमेर और कोलकाता के भजन गायक देंगे प्रस्तुति
भजन संध्या में अजमेर से जॉन अजमेरी और कोलकाता से रितिका सेन आमंत्रित किए गए हैं। वहीं, जमशेदपुर के स्थानीय कलाकार लाला जोशी भी बाबा श्याम के चरणों में भजनों की प्रस्तुति देंगे। आयोजकों के अनुसार, भजन कार्यक्रम देर रात तक चलेगा।
21 नवंबर को मंगला आरती और महाप्रसाद
जन्मोत्सव के दूसरे दिन शनिवार, 21 नवंबर को सुबह 4:15 बजे मंगला आरती होगी। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे बारस पूजन एवं भोग लगाया जाएगा। दोपहर 1:15 बजे से श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण शुरू होगा।
श्याम प्रेमियों से सपरिवार आने की अपील
श्री श्याम मित्र मंडल के पदाधिकारी और सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। संस्था ने सभी श्याम भक्तों और शहरवासियों से दोनों दिन आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में सपरिवार शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद लेने की अपील की है।
