Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur Nikay Chunav: कहीं कतारें, तो कहीं धीमी शुरुआत, हार-जीत तय करने में निर्णायक भूमिका में महिला मतदाता

Jamshedpur. पूर्वी सिंहभूम जिले में आज लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत हो रही हैं। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग की प्रक्रिया अब अपनी पूरी रफ्तार में आ चुकी है। मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद, चाकुलिया नगर पंचायत के साथ-साथ पड़ोसी जिले के आदित्यपुर नगर निगम और कपाली नगर परिषद में वोट डाले जा रहे हैं। मतदान को लेकर सुबह से ही लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मतदान के शुरुआती घंटों में मिला-जुला रुझान देखने को मिल रहा है।

मानगो, कपाली और जुगसलाई के मुस्लिम बहुल इलाकों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। यहां लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सुबह-सवेरे ही घरों से निकल पड़े। इसके विपरीत, शहर के अन्य इलाकों और पॉश कालोनियों में शुरुआत थोड़ी धीमी रही, जहां धूप चढ़ने के साथ ही अब धीरे-धीरे लोग बूथों तक पहुंच रहे हैं।

इस चुनाव में खास बात यह है कि कई क्षेत्रों में महिला मतदाता हार-जीत तय करने में निर्णायक भूमिका निभाएंगी। चाकुलिया और कपाली में महिला वोटरों की संख्या पुरुषों से अधिक है।शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने चाक-चौबंद सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सभी 416 बूथों पर भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है।

चाकुलिया: मतदान की रफ्तार ने पकड़ी तेजी
चाकुलिया नगर पंचायत में सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग की प्रक्रिया अब अपनी पूरी रफ्तार में आ चुकी है। जिला प्रशासन द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, सुबह 10:00 बजे तक चाकुलिया में कुल 15 प्रतिशत मतदान संपन्न हो चुका है।चाकुलिया के विभिन्न वार्डों से मिल रही खबरों के अनुसार, चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है।मतदान शुरू होने के बाद से अब तक कहीं से भी किसी प्रकार के विवाद, तकनीकी खराबी या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।

Exit mobile version