
Jamshedpur.टाटा स्टील के जमशेदपुर स्थित घरेलू उपभोक्ताओं पर सबसे अधिक बिजली बढ़ोतरी का बोझ पड़ा है। नए टैरिफ के तहत अब उन्हें प्रति यूनिट 20 से 50 पैसे अधिक चुकाने होंगे। झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के नए आदेश के तहत नया टैरिफ एक अप्रैल से प्रभावी हो जाएगा। ऐसे में 0-100 यूनिट तक खर्च करने वाले उपभोक्ताओं को अब 3.10 रुपये के बदले में 3.30 रुपये एनर्जी चार्ज और फिक्सड चार्ज में 34 रुपये के बदले में छह रुपये अधिक 40 रुपये चुकाने होंगे।
100 से अधिक यूनिट का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को 5.30 रुपये के बदले में 5.50 रुपये एनर्जी चार्ज और फिक्सड चार्ज में 70 के बजाए 75 रुपये देने पड़ेंगे। वहीं, घरेलू उपयोगकर्ता, जिन्होंने हाईटेंशन लाइन ली है उन्हें सबसे अधिक 5.25 रुपये के बदले में प्रति यूनिट 50 पैसे अधिक 5.75 रुपये जबकि फिक्सड चार्ज में 95 के बजाए 110 रुपये देने होंगे। इसके अलावा कमर्शियल सर्विसेज के उपभोक्ताओं को छह रुपये के बजाए 6.50 रुपये एनर्जी चार्ज और 130 के बजाए 150 रुपये फिक्सड चार्ज देने होंगे।
इंडस्ट्रियल सर्विस के उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत दी गई है। लो टेंशन इंडस्ट्रियल सर्विसेज के उपभोक्ताओं के फिक्सड चार्ज में बदलाव नहीं किया गया है, वे पूर्व की तरह 150 रुपये देंगे।
एनर्जी चार्ज में 5.75 रुपये के बजाए छह रुपये प्रति यूनिट चुकाएंगे। जबकि हाई टेंशन इंडस्ट्रियल सर्विसेज वाले उपभोक्ताओं को 400 के बदले 450 रुपये फिक्सड चार्ज और 6.30 रुपये के बजाए 6.50 रुपये प्रति यूनिट एनर्जी चार्ज चुकाना होगा।
