Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

जमशेदपुर: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने शुक्रवार को कीताडीह स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित मानकों के अनुपालन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की शिथिलता या लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

सीसीटीवी और रिकॉर्डिंग व्यवस्था की जांच

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीसीटीवी रिकॉर्डिंग का समयबद्ध बैकअप सुरक्षित रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर रिकॉर्ड की जांच की जा सके।

उन्होंने दैनिक निरीक्षण रजिस्टर और लॉग बुक को नियमित रूप से अपडेट रखने तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने को कहा।

अनधिकृत प्रवेश पर रहेगी रोक

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ईवीएम वेयरहाउस के भीतर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था और ईवीएम-वीवीपैट मशीनों के रख-रखाव से संबंधित जानकारी दी गई।

सुरक्षा ऑडिट और रिपोर्टिंग मजबूत करने का निर्देश

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का नियमित ऑडिट करने और उसकी रिपोर्टिंग प्रक्रिया को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी कमी की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Exit mobile version