Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: गोलमुरी के रघुवर मार्केट में लगी आग, चार दुकानें जलकर खाक, लाखों के नुकसान का अनुमान

Jamshedpur. गोलमुरी थाना क्षेत्र के रघुवर मार्केट में शनिवार दोपहर अचानक लगी आग ने कारोबारियों के बीच अफरा-तफरी मचा दी। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि देखते ही देखते आसपास की करीब चार दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। दुकानों में रखा सामान जलकर पूरी तरह बर्बाद हो गया। शुरुआती आकलन के अनुसार, इस अगलगी में करीब 10 से 15 लाख रुपये तक की संपत्ति का नुकसान होने की आशंका है। घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों की कोशिशों के बावजूद आग पर काबू नहीं पाया जा सका। बाद में अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई।

कचरे के ढेर से उठी लपटें, दुकानों तक पहुंची आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मार्केट परिसर में जमा कचरे में अचानक आग लग गई। कचरे के बीच एक पुराना टायर भी पड़ा हुआ था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उसकी लपटें आसपास की दुकानों तक पहुंच गईं। आग फैलने के साथ ही पूरे बाजार में धुएं का गुबार छा गया। ऊंची उठती लपटों को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों और सामान को बचाने के लिए दौड़ पड़े। हालांकि, आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई दुकानों को इसकी चपेट में आने से बचाया नहीं जा सका।

आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सभी ने अपने स्तर से आग बुझाने और उसे दूसरी दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। लेकिन आग की लपटें लगातार तेज होती गईं। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और पानी की बौछार कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक प्रभावित दुकानों में रखा काफी सामान जलकर राख हो चुका था।

आग की चपेट में आई दुकानों में बर्तन, अंडे और अन्य कारोबार से जुड़ा सामान रखा हुआ था। अचानक लगी आग ने दुकानदारों की जमा पूंजी को भारी नुकसान पहुंचाया। शुरुआती जानकारी में नुकसान का अनुमान 10 से 15 लाख रुपये के बीच लगाया जा रहा है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन प्रभावित दुकानों में जले सामान की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद दुकानदार मायूस नजर आए। उनके सामने अब दोबारा कारोबार शुरू करने की चुनौती खड़ी हो गई है।

Exit mobile version