आदित्यपुर: दीपावली और आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने खाद्य पदार्थों में मिलावट और अनियमितताओं के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार को आदित्यपुर क्षेत्र की विभिन्न मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अंबा स्वीट्स में करीब 10 किलोग्राम बासी और खराब मिठाइयां मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।

निरीक्षण के दौरान विभाग की टीम ने मिठाइयों की गुणवत्ता, निर्माण और भंडारण की स्थिति, दुकानों की साफ-सफाई, सैनिटेशन तथा कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की जांच की।

अंबा स्वीट्स में खराब मिठाइयां नष्ट, हाइड्रो के इस्तेमाल पर चेतावनी
खाद्य सुरक्षा विभाग के निरीक्षण में अंबा स्वीट्स में लगभग 10 किलो बासी और खराब मिठाइयां पाई गईं। टीम ने इन्हें मौके पर ही नष्ट कराया और दुकान संचालक को भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं दोहराने की सख्त चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान रसगुल्ला को अधिक सफेद बनाने के लिए हाइड्रो (Hydro) के इस्तेमाल का मामला भी सामने आया। विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारी को इसका उपयोग नहीं करने की हिदायत दी। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आदर्श और गोपाला स्वीट्स में अखबार के इस्तेमाल पर आपत्ति
जांच के दौरान आदर्श स्वीट्स और गोपाला स्वीट्स में खाद्य पदार्थों को ढकने और रखने के लिए अखबार का इस्तेमाल पाया गया। विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों को खाद्य सामग्री के संपर्क में अखबार का उपयोग तत्काल बंद करने और सुरक्षित एवं स्वच्छ भंडारण व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
खाद्य रंगों की भी हुई जांच
निरीक्षण के दौरान मिठाइयों में इस्तेमाल किए जा रहे रंगों की भी जांच की गई। विभाग के अनुसार, जांच में इस्तेमाल किए जा रहे रंग अनुमत खाद्य रंग पाए गए। हालांकि, सभी दुकानदारों को निर्धारित मानकों और अनुमत मात्रा के अनुसार ही खाद्य रंगों का इस्तेमाल करने तथा औद्योगिक रंगों का उपयोग पूरी तरह बंद रखने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा दुकानों के निर्माण और भंडारण क्षेत्र की स्वच्छता, खाद्य सामग्री के रखरखाव और कर्मचारियों की व्यक्तिगत साफ-सफाई की भी जांच की गई। जहां सुधार की जरूरत मिली, वहां संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलेभर में जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया है कि मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री में खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करें। बासी, खराब, मिलावटी या असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं की जाए।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत जिले में जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


