
Jamshedpur : मानगो नगर निगम क्षेत्र के गोकुलनगर में रहने वाले करीब 350 परिवारों पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है. वन विभाग द्वारा बस्तीवासियों को घर खाली करने का नोटिस जारी किए जाने के बाद शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की.
गोकुलनगर के निवासी, जो पिछले 40 वर्षों से इस क्षेत्र में रह रहे हैं, ने बताया कि यह बस्ती मुख्य रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों की है. अधिकांश निवासी दिहाड़ी मजदूरी, रिक्शा चलाने और घरेलू कार्यों पर निर्भर हैं. बस्तीवासियों का आरोप है कि वन विभाग ने बिना किसी पूर्व सूचना या परामर्श के बेदखली का नोटिस जारी किया है और कुछ घरों को ध्वस्त भी कर दिया गया है.
लोगों ने इस कार्रवाई को अमानवीय और असंवैधानिक बताया है. उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर घर खाली करने का निर्देश अव्यवहारिक है और इससे सैकड़ों परिवार सड़क पर आ जाएंगे.
बस्तीवासियों ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि नोटिस की समीक्षा कर उन्हें अपनी बात रखने का अवसर दिया जाए. साथ ही, यदि विस्थापन अनिवार्य हो तो सरकार द्वारा ठोस पुनर्वास की व्यवस्था की जाए. उन्होंने प्रशासन से एक संयुक्त बैठक आयोजित कर सभी पक्षों के बीच समाधान निकालने की भी मांग की है.
इस मुद्दे ने क्षेत्र में सामाजिक और मानवीय चिंता को जन्म दिया है, जिस पर प्रशासन की सक्रिय भूमिका की आवश्यकता महसूस की जा रही है.
