Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur Founders Day: 3 मार्च को लेकर लौहनगरी में तैयारियां तेज,टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन का आना तय, जुबिली पार्क में 7 मार्च तक वाहनों की नो इंट्री

Jamshedpur. टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा की 186वीं जयंती (3 मार्च) को लेकर लौहनगरी जमशेदपुर में तैयारियां परवान चढ़ने लगी हैं। इस गौरवशाली अवसर पर टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन का शहर आना तय हो गया है। वहीं, टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा के भी इस समारोह में शामिल होने की संभावना है। संस्थापक दिवस के अवसर पर जुबिली पार्क में होने वाली भव्य लाइटिंग और सजावट कार्य को देखते हुए पार्क को अगले 15 दिनों के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है. धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अर्णव मिश्रा के आदेशानुसार, जुबिली पार्क का मुख्य गेट 21 फरवरी से 7 मार्च तक आम जनता और वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा.

वन विजन-वन टाटा स्टील’ की दिखेगी झलक 
टाटा स्टील द्वारा इस वर्ष के संस्थापक दिवस के लिए ‘वन विजन-वन टाटा स्टील’ थीम निर्धारित की गई है। कंपनी इस थीम के माध्यम से अपने सभी डिवीजनों और अनुषंगी इकाइयों की एकजुटता और भविष्य के साझा विजन को प्रदर्शित करेगी। समारोह की शुरुआत 2 मार्च को होगी, जब चेयरमैन एन चंद्रशेखरन जुबली पार्क में भव्य विद्युत सज्जा का उद्घाटन करेंगे। इस वर्ष शहरवासियों को पार्क में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस  और थीम आधारित विशेष लाइटिंग देखने को मिलेगी।

शहर में सौंदर्यीकरण और नए प्रोजेक्ट्स 
इस दौरान चेयरमैन एन चंद्रशेखरन पोस्टल पार्क से शहरवासियों को संबोधित करेंगे और कंपनी की आगामी योजनाओं व विजन की जानकारी साझा करेंगे। कार्यक्रम में टाटा स्टील के सीईओ सह एमडी टीवी नरेंद्रन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। संस्थापक दिवस को लेकर पूरे शहर में सड़कों की मरम्मत, रेलिंग का रंग-रोगन और पार्कों की सजावट का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। इस दौरान कई विशेष आयोजन भी होंगे.

Exit mobile version