Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: जमशेदपुर सदर अस्पताल में गैस संकट, लकड़ी के चूल्हे पर बन रहा मरीजों का भोजन

Jamshedpur. परसुडीह के खासमहल स्थित सदर अस्पताल में देशभर में चल रही एलपीजी की किल्लत का असर अब अस्पताल की रसोई तक पहुंच गया है। पिछले दो दिनों से रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति ठप होने से अस्पताल प्रशासन और भोजन आपूर्ति करने वाले वेंडर को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति ऐसी हो गई है कि मरीजों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल की रसोई में लकड़ी और कोयले के चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है।
अस्पताल परिसर के पीछे बने अस्थायी चूल्हों पर सुबह से ही रसोइये मरीजों के लिए भोजन तैयार कर रहे हैं।

अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन पहले की तरह निर्धारित समय पर तैयार किया जा रहा है। अस्पताल के भोजन वेंडर ओंकार नाथ ने बताया कि पिछले दो दिनों से गैस सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह बाधित है। कई गैस एजेंसियों से संपर्क करने के बावजूद सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में मरीजों को भूखा रखना संभव नहीं था, इसलिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर लकड़ी और कोयले के चूल्हे बनाकर खाना पकाने का निर्णय लिया गया।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन को मौखिक रूप से जानकारी दे दी गई है। हालांकि धुएं के बीच काम करना रसोइयों के लिए बेहद कठिन हो रहा है, लेकिन मरीजों की सुविधा को देखते हुए यह कदम उठाना पड़ा।

Exit mobile version