Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur Half Marathon: टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन 30 नवंबर से, ₹9.18 लाख पुरस्कार राशि, थीम होगी ‘दिल से दौड़ फॉर जमशेदपुर’

Jamshedpur. टाटा स्टील ने जमशेदपुर हाफ मैराथन 2025 के 10वें संस्करण की आधिकारिक घोषणा कर दी है. यह आयोजन 30 नवंबर 2025 को होने जा रहा है.टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदरारामम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस वर्ष की थीम “दिल से दौड़ फॉर जमशेदपुर” रखी गई है, जो स्वास्थ्य, खुशी और गर्व की भावना को दर्शाती है.

पिछले साल 2024 में इस मैराथन में 18 राज्यों से 4,821 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था. इस बार भाग लेने वालों की संख्या 5,500 से अधिक होने की उम्मीद है. टाटा स्टील के अनुसार, यह आयोजन शहर और देश में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति बढ़ती जागरूकता को मजबूत करने का प्रयास है.

2024 में पहली बार शामिल की गई हाफ मैराथन (21.097 किमी) श्रेणी को जबरदस्त प्रतिसाद मिला था. इस बार इस दूरी में और अधिक धावकों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. कंपनी ने इस वर्ष के लिए कुल ₹9.18 लाख की पुरस्कार राशि घोषित की है. आयोजन के लिए सभी श्रेणियों का मार्ग वही रहेगा ताकि प्रतिभागियों को एक सुरक्षित और सुव्यवस्थित अनुभव मिल सके.

टाटा स्टील का कहना है कि खेल और फिटनेस उसकी कॉर्पोरेट संस्कृति का अहम हिस्सा हैं. कंपनी पहले भी टाटा स्टील कोलकाता 25K, जोड़ा रन-ए-थॉन और कपिलाश हाफ मैराथन जैसे आयोजनों के जरिए खेलों को बढ़ावा देती रही है. इसके अलावा फुटबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स, तीरंदाजी और स्पोर्ट क्लाइम्बिंग में भी नई प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य टाटा स्टील लगातार कर रही है.

Exit mobile version