
Jamshedpur. मानगो के डिमना रेसिडेंसी हाउसिंग सोसाइटी के डुप्लेक्स नंबर डी-22 में आबकारी विभाग के अधिकारियों ने
छापामारी कर अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है. छापामार दल ने विदेशी शराब तैयार करने व उसको बोतलबंद करने के लिए आवश्यक सारी सामग्रियां बरामद की. जब्त की गई सामग्रियों में स्प्रिट, तैयार शराब, भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांडों की खाली बोतलें, ढक्कन व बोतल सील करने के लिए कॉर्क, बोतलों पर चिपकाने के लिए विभिन्न ब्रांडों के लेबल, नकली उत्पाद आसंजक, शराब को रंग व फ्लेवर देने में प्रयुक्त कैरेमल एवं 70 पेटियों में रखा मैक्डॉवल, रॉयल स्टैग, स्टर्लिंग रिजर्व, 8पीएम ब्लैक आदि ब्रांडों की बोतलों में बंद शराब भी बरामद की गई है.
छापेमारी के दौरान अवैध मिनी शराब फैक्ट्री संचालक, बालीगुमा निवासी धीरज कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है. डुप्लेक्स को किराये पर लेकर यह अवैध धंधा संचालित किया जा रहा था. मामले में आरोपी धीरज कुमार सिंह और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है. फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
इस कार्रवाई में सहायक आयुक्त, उत्पाद विभाग, निरीक्षक प्रेम प्रकाश , निरीक्षक रामदास भगत, अवर निरीक्षक ओम प्रकाश, उत्पाद आरक्षी और गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे.
