Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: सोनारी की झाबरी बस्ती में आपसी विवाद में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की लोहे की रॉड से की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Jamshedpur. सोनारी थाना क्षेत्र की झाबरी बस्ती में आपसी विवाद में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा ह*त्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय सनातन हेंब्रम के रूप में हुई है। वह अपने भाइयों के साथ झाबरी बस्ती में रहता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात सनातन हेंब्रम और उसका छोटा भाई दुखू हेंब्रम दोनों नशे की हालत में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान दुखू हेंब्रम ने लोहे की रॉड से सनातन हेंब्रम के सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से सनातन मौके पर ही अचेत हो गया। घटना के बाद दुखू उसे घर ले आया और कमरे में सुला दिया। उसने परिवार के अन्य सदस्यों को मारपीट की घटना की जानकारी नहीं दी।

परिजनों को लगा कि सनातन नशे की वजह से सो रहा है, इसलिए किसी ने उसकी हालत पर विशेष ध्यान नहीं दिया। सोमवार को वह पूरे दिन कमरे में पड़ा रहा। सोमवार रात जब दुखू काम से लौटकर कमरे में गया तो उसने सनातन को मृत अवस्था में पाया। इसके बाद उसने परिवार के अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी दुखू हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया। सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

पूछताछ के दौरान घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है। मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना के बाद झाबरी बस्ती में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं।

Exit mobile version