Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा में पति ने गुस्से में आकर पत्नी के सिर पर वार कर मार डाला

Jamshedpur. एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा स्थित धर्माबांधा में पति ने गुस्से में आकर पत्नी के सिर पर वार कर मार डाला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गीता मंडल (40) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में आए पति बापी मंडल ने खलबट्टे से गीता के सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल गीता को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति बापी मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बापी मंडल डिमना रोड क्षेत्र में एक होटल संचालित करता है। बताया जा रहा है कि बापी और गीता दोनों की यह दूसरी शादी थी। बापी के दो बच्चे हैं, जबकि गीता भी अपने पूर्व पति से अलग रह रही थीं।
पुलिस को दिए गए बयान में बापी ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से गीता की बारीडीह निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार दोनों के बीच कहासुनी हो चुकी थी। मामला उलीडीह थाना तक पहुंचा था, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था।
बताया जाता है कि मंगलवार रात इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच फिर बहस शुरू हुई। आरोप है कि इसी दौरान बापी मंडल ने खलबट्टे से गीता के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version